मंडावर क्षेत्र के ग्राम पदमपुर में विवाहिता की हत्या पर हंगामा कर रहे परिजनों को समझाती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर के मंडावर में दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालवालों ने विवाहिता की गला घोंटकर हत्या कर दी। ससुराल के लोग उसके एक साल की मासूम बच्ची को लेकर भी फरार हो गए।
मृतका के मायके वालों ने हत्या के विरोध में हंगामा कर अपनी नाराजगी का इजहार किया। पीड़ित पक्ष ने पति सहित छह के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने कहा कि इस मामले की छानबीन के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
थाना किरतपुर के गांव ताहरपुर निवासी जयपाल सिंह को बृहस्पतिवार की सुबह किसी ने बताया कि उनकी विवाहिता पुत्री कामिनी की ससुराल वालों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर गला घोंटकर हत्या कर दी है। वे गांव पदमपुर पहुंचे तो कामिनी का शव बरामदे में पड़ा था। उसकी एक साल की बेटी भी वहां नहीं थी।
जयपाल सिंह व अन्य ने हंगामा करते हुए बताया कि उन्होंने दो साल पहले कामिनी की शादी देवेश से की थी। देवेश और उसके घरवाले कामिनी को दहेज में नगदी और बाइक लाने को प्रताड़ित करते थे। एसआई देवकीनंदन गुप्ता ने परिजनों को शांत कराकर शव का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जयपाल सिंह ने कामिनी के पति देवेश, ससुर राजेंद्र सिंह, सास दयावती, जेठ सतेंद्र, जेठानी रीता व ननद चारू के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने कहा कि पूरे मामले की छानबीन के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।