बसरेहर के यासी नगर में तमंचे से फायर करता एक युवक
- फोटो : अमर उजाला
बसरेहर। बसरेहर थाना क्षेत्र के ग्राम यासीनगर में दबंगों से समोसे के पैसे मांगने पर दुकानदार से गालीगलौज की। ग्राम प्रधान ने उन्हें समझाने की कोशिश की तो कहासुनी हो गई। दबंग चले गए। कुछ देर बाद तीन-चार गाड़ियों से 20-25 लोग आए और ग्राम प्रधान के दरवाजे पर फायरिंग की। करीब 50 राउंड हवाई फायरिंग से गांव में दहशत फैल गई। प्रधान की सूचना पर पुलिस के पहुुंचने से पहले दबंग अपनी अपनी गाड़ियों से भाग गए। मामले में अभी किसी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस ग्राम प्रधान और उसके परिजनों को पूछताछ के लिए थाने ले गई।
ग्रामीणों ने बताया कि यासीनगर तिराहे पर अशोक कुमार की समोसा, टिक्की की दुकान है। गुरुवार की शाम यहां कुछ दबंग शराब के नशे में समोसा टिक्की खा रहे थे। खाने के बाद जब दुकानदार ने उनसे पैसे मांगे तो उन्होंने गाली गलौज कर धमकी दी। ग्राम प्रधान प्रेमचंद्र एडवोकेट ने भी दबंगों को समझाने की कोशिश की। इस पर दोनों के बीच कुछ गर्मा गर्मी हो गई। उस समय तो दबंग चले गए लेकिन कुछ घंटो बाद तीन चार गाड़ियों में भरकर 20-25 लोग प्रधान के दरवाजे पहुंचे और दहशत फैलाने के इरादे से हवाई फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग से गांव में भगदड़ मच गई।
इसी बीच प्रधान ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के आने की भनक पाते ही दबंग भाग गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उनकी तलाश की लेकनि कुछ जानकारी नहीं मिली। एसओ भोलूराम भाटी ने बताया कि दो पक्षों के बीच विवाद हुआ है। फायरिंग की बात गलत है। विवाद के कारणों के बारे में जानकारी कर कार्रवाई की जाएगी। अभी किसी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है। फिलहाल पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है।