नांगलसोती में संदिग्ध परिस्थिति में एक युवती की मौत हो गई। शव के पास से सल्फास की शीशी और कुछ खाने का सामान मिला है। युवती के परिजनों ने हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए पड़ोसी दो भाइयों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव अभिपुरा में बृहस्पतिवार तड़के उस समय सनसनी फैल गई, जब मो.मुुस्लिम की 20 वर्षीय पुत्री नादरा का शव गांव में ईदगाह क्षेत्र में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव के पास से सल्फास की शीशी और कुछ खाने का सामान बरामद किया। पूछताछ में मो. मुस्लिम ने थानाध्यक्ष कृष्ण मुरारी दोहरे को बताया कि पड़ोसी युवक मोनू और उसकी पुत्री के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। मोनू उसकी पुत्री से शादी करने की बात कहता था। कहीं और शादी करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी थी।
मुस्लिम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पांच जुलाई को नादरा की शादी थी। जिसके चलते मोनू नादरा को धमका रहा था। नादरा ने इस बारे में परिजनों को बता दिया था। बुधवार रात अचानक नादरा घर से लापता हो गई। मुस्लिम का आरोप है कि रात करीब दो बजे नादरा के संबंध में मोनू का फोन आने के बाद उन्होंने नादरा की तलाश शुरू की। थोड़ी देर बाद मोनू के भाई मनोज का फोन आया कि नादरा का शव ईदगाह पर पड़ा है।
पुलिस ने मुस्लिम की तहरीर पर दोनों भाइयों मोनू व मनोज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। दोनों हत्यारोपी भाई फरार हैं। हत्यारोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का है। प्रकरण की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं पोस्टमार्टम के बाद लौटे परिजनों ने नादरा का शव नांगल-चंदक मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारी हत्यारोपी भाइयों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। सूचना पर पहुंचे नांगल थानाध्यक्ष ने हत्यारोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। मार्ग पर करीब 20 मिनट तक जाम लगा रहा।
उधर, नगीना में कालाखेड़ी गांव में दहेज के लिए महिला की हत्या के मामले में पुलिस अब तक केवल सास को गिरफ्तार कर पाई है। उसके भाई ने सीओ से मिलकर प्रभावी कार्रवाई की मांग की।