बिजनौर के कोतवाली देहात में बदमाशों ने बृहस्पतिवार की रात गांव डल्लू धनौरा में एक परिवार को बंधक बनाकर डकैती डाली। बदमाश घर से नकदी, जेवरात समेत डेढ़ लाख रुपये का सामान लूट कर ले गए।
बदमाशों के जाने के बाद पड़ोसियों ने परिजनों को बंधन मुक्त कराया। पुलिस ने मामले की जानकारी ली है। मंलवार की रात ही पांच बदमाशों ने गांव कासमपुर गढ़ी में वृद्ध दंपति को बंधक बनाकर कर करीब साढ़े तीन लाख रुपये की लूट की थी।
गांव डल्लू घनौरा निवासी जितेंद्र कुमार बृहस्पतिवार की रात पत्नी मंजू और लड़के विजुल के साथ घर के बरामदे में सो रहे थे। रात करीब ढाई बजे सशस्त्र बदमाश घर में घुस आए और आतंकित करते हुए तीनों परिजनों को रसोई में बंद कर दिया।
इसके बाद बदमाशों ने घर से सात हजार रुपये नगद, सोने, चांदी के जेवर, कपडे़ समेत डेढ़ लाख का सामान लूट लिया। परिजनों के मुताबिक पांच बदमाश घर के अंदर और दो बाहर खडे़ थे। एक बदमाश तमंचा लेकर रसोई में बंद किए परिजनों को कवर किए हुए था। बाकी बदमाश घर खंगालने में जुटे थे।
जितेंद्र ने बताया कि बदमाश उनसे घर में रखे ढाई लाख रुपये मांग रहे थे। मना करने पर बदमाशों ने घर का कोना-कोना खंगाला। बदमाश लूटपाट करने के बाद पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
बदमाशों के जाने पर परिजनों ने शोर मचा दिया तो पड़ोसियों ने रसोई खोलकर उन्हें बंधक मुक्त कराया। सूचना पर पुलिस गांव में पहुंची और घटना की जानकारी ली। थाना प्रभारी निरीक्षक तेजेंद्र यादव के मुताबिक घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।