बिजनौर के हल्दौर में बाइक सवार दो बदमाशों ने गांव भवानीपुर की पुलिया के निकट एक प्राइवेट फाइनेंस कंपनी के प्रबंधक से डेढ़ लाख की नकदी लूट ली। पुलिस ने नाकेबंदी कराकर बदमाशों की तलाश की पर कोई बदमाश नहीं मिला।
जनपद मुजफ्फरनगर के थाना भोपा क्षेत्र के गांव तिसा निवासी नीरज कुमार धामपुर की एक प्राइवेट फाइनेंस कंपनी में प्रबंधक है। कंपनी का क्षेत्रीय कार्यालय गांव पैजनियां में है। बृहस्पतिवार को कार्यालय में साप्ताहिक बैठक थी। नीरज के अनुसार उन्होंने क्षेत्रीय एजेंटों की बैठक लेकर उनसे करीब डेढ़ लाख रुपये वसूलकर वह बाइक से नहटौर जा रहा था।
हल्दौर थाना क्षेत्र के गांव भवानीपुर की पुलिया के निकट दोपहर करीब पौने तीन बजे पीछे से बाइक सवार दो बदमाशों ने उसकी बाइक लात मारकर गिरा दी। विरोध करने पर बदमाशों ने उनकी पिटाई की। बदमाश आतंकित कर डेढ़ लाख रुपये लूटकर नहटौर मार्ग की ओर फरार हो गए। उसने बताया कि मोबाइल से पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
सीओ सिटी रामानंद कुशवाहा व हल्दौर थाने के प्रभारी निरीक्षक अरविंद शर्मा मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में क्षेत्र में कांबिग की पर कोई बदमाश उनके हत्थे नहीं चढ़ा। थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद शर्मा का कहना है कि तहरीर मिल गई है। घटना की जांच की जा रही है।