जफर की हत्या के बाद घटनास्थल पर जमा भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
नजीबाबाद में दिनदहाड़े घर में घुसकर बिजली ठेकेदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्यारोपी भाग निकले। इससे ईद की खुशियां मातम में बदल गईं। ठेकेदार के पुत्र ने संतोमालन निवासी दो भाइयों के खिलाफ पिता की हत्या करने और सौतेली मां पर पिता की हत्या के षड्यंत्र में शामिल होने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नगर के मोहल्ला सब्नीग्रान निवासी बिजली ठेकेदार जफर खान सोमवार सुबह घर के मुख्य दरवाजे पर बैठे अखबार पढ़ रहे थे। घर में उनका पुत्र अजहर खान, पुत्रियां आरीन व शादमानी थीं। सुबह करीब 7:45 बजे घर के दरवाजे पर अचानक शोर-शराबा हुआ और एक युवक ने जफर खान को गोली मार दी। चीखते हुए जफर खान ने घर के भीतर भागने की कोशिश की, लेकिन हमलावर ने उनके मुंह पर गोली मार दी और भाग निकला। वारदात के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
भारी भीड़ जफर के घर और आसपास जमा हो गई। आनन-फानन में जफर खान को प्राइवेट हॉस्पिटल ले जाया गया। यहां से उन्हें बिजनौर रेफर कर दिया गया। रास्ते में जफर खान की मौत हो गई। उधर, सूचना मिलते ही एसडीएम उद्भव त्रिपाठी, सीओ रामानंद कुशवाहा और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ईद पर्व पर हुई वारदात को गंभीरता से लेते हुए सीओ ने सर्किल के थानों किरतपुर, नांगल, मंडावली के अलावा नगीना देहात, कोतवाली देहात, मंडावर थानों से पुलिस बल को नजीबाबाद बुला लिया।
सब्नीग्रान क्षेत्र में दहशत के चलते लोगों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए। नगर के प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
जफर के पुत्र अजहर खान ने मोहल्ला संतोमालन निवासी मिर्जा सलीम बेग के पुत्रों शाकिर मिर्जा और गयास मिर्जा पर पिता की हत्या करने और आदर्शनगर नई दिल्ली निवासी सौतेली मां सबा खान उर्फ रानी के खिलाफ पिता की हत्या के षड्यंत्र में शामिल होने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।