नहटौर में शादी में ऐन वक्त पर दहेज की मांग करने पर हंगामा खड़ा हो गया। दुल्हन पक्ष ने शादी करने से इंकार करते हुए बारात को बंधक बना लिया। दोनों पक्षों की आयोजित पंचायत में दुल्हन पक्ष का खर्च देने पर समझौता हुुआ। बारातियों को बिना दुल्हन के बगैर लौटना पड़ा।
थानाध्यक्ष अता मोहम्मद के मुताबिक नहटौर थाना क्षेत्र के गांव शादीपुर निवासी उदयराज प्रजापति की पुत्री की शादी धामपुर क्षेत्र के गांव मंधोरा निवासी प्रेम मोहन पुत्र सुमेर प्रजापति से तय हुई थी। प्रेम मोहन फौज में जवान हैं। 15 फरवरी को लगन रिश्ता हुआ था। लगन रिश्ते में दान दहेज में बाईक, सामान व नकदी दी गई थी। बुधवार को बारात आई थी। बारातियों के खाना पीने की व्यवस्था भी की गई।
दुल्हन पक्ष का आरोप हैं कि दूल्हे पक्ष ने अतिरिक्त दहेज देने की मांग की। इसको लेकर हंगामा खड़ा हो गया। दोनों पक्षों में वार्ताओं का दौरा चला लेकिन कोई हल नहीं निकलने पर रात में ही बारात को बंधक बना लिया। शादी में हुए खर्च देने पर बारात को बंधन मुक्त करने का निर्णय लिया गया।
बृहस्पतिवार को दोनों पक्षों में खर्च देने के लिए पंचायत हुई। शादी में खर्च रकम देने पर बारात को बंधक मुक्त किया। दूल्हे पक्ष को बिना दुल्हन के ही लौटना पड़ा। थानाध्यक्ष अता मोहम्मद का कहना हैं कि दोनों पक्षों में समझौता होने पर मामले का निपटारा हो गया है।