बिजनौर के नूरपुर में रविवार रात एक विवाह मंडप में खाना खाकर बाहर निकले दूल्हे के बड़े भाई की तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आकर मौत हो गई। इससे शोकाकुल दूल्हे ने फेरे लेने से मना कर दिया। इसके बाद बरात बिना दुल्हन वापस लौट गई।
नूरपुर के मोहल्ला चौधरियान निवासी सुशील कुमार शर्मा की पुत्री दीप्ती शर्मा की बरात मुरादाबाद के मोहल्ला हाथीवाला मंदिर से आई थी। बरात के स्वागत का कार्यक्रम ब्लॉक कार्यालय के पास स्थित एक बैंक्वट हॉल में रखा गया था। बरात रात करीब दस बजे पहुंची। स्वागत के बाद खाने का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान दूल्हे का बड़ा भाई राहुल शर्मा किसी काम से बैंक्वट हॉल से निकलकर बाहर सड़क पर आया था।
बिजनौर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आकर राहुल शर्मा गंभीर घायल हो गया। परिजन उसे पीएचसी ले गए। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मुरादाबाद रेफर कर दिया गया।
परिजन राहुल को लेकर मुरादाबाद जा रहा थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। राहुल की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। वर और कन्या पक्ष की खुशियां मातम में बदल गईं। उधर, बड़े भाई की मौत से दुखी दूल्हे रवि शर्मा ने फेरे लेने से इंकार कर दिया।
कन्या पक्ष ने भी हालात को देखते हुए शादी के लिए दबाव नहीं बनाया। इसके बाद बरात बिना दुल्हन लिए ही लौट गई।