बिजनौर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने छापा मारकर करीब डेढ़ लाख कीमत की कोल्ड ड्रिंक्स जब्त कीं। टीम ने खाद्य पदार्थ के सात नमूने भी लिए। टीम ने कोल्ड ड्रिंक्स कंपनी को नोटिस जारी किया है। साथ ही सभी नमूनों को जांच के लिए लैब भेजा गया है।
अभिहित अधिकारी बिनोद कुमार के नेतृत्व में जिले में छापामार अभियान चलाया गया। खाद्य विभाग की टीम को नजीबाबाद स्थित बाबा कोल्ड ड्रिंक्स के यहां से डेट ऑफ एक्सपायरी व निर्माण तिथि के लेबल के बिना कोल्ड ड्रिंक्स मिलीं। इसको टीम ने जब्त कर लिया है। विभाग की ओर से कंपनी को नोटिस भी जारी किया जा रहा है। टीम ने डाइट कोक का नमूना भी लिया। अभिहित अधिकारी के अनुसार जब्त की गई कोल्ड ड्रिंक्स की कीमत एक लाख 44 हजार 783 रुपए बताई जा रही है। टीम ने कोतवाली देहात में शिवशंकर मेडिकल स्टोर से फ्रूट सिरप का नमूना लिया। टीम को मेडिकल स्टोर बिना लाइसेंस के चलता मिला। इस पर कार्रवाई करते हुए चालान कर दिया गया। कोतवाली देहात के मुख्तार का रसगुल्ला, बिजनौर के गांव भगेन के धर्मेंद्र कुमार, जेके डेरी, अनूप व किरतपुर की लवली डेरी से दूध का नमूना लिया गया।
टीम ने सभी नमूने जांच के लिए लैब पर भेज दिए है। टीम में सीएफएसओ जेपी सिंह, एफएसओ, पीके जयंत, मोहित चौधरी, जगदंबा प्रसाद, पीके त्रिपाठी, तेज बहादूर व रामवीर आदि मौजूद रहे।