बिजनौर में पुलिस ने फ्लोर मिल के मैनेजर महेशचंद्र शर्मा की गोली मारकर हत्या कर 2.40 लाख रुपये लूटने व नहटौर में सेवानिवृत्त डिप्टी सीएमओ राधेश भटनागर के यहां लूट करने सहित 11 मुकदमों में वांछित पांच हजार का इनामी बदमाश सद्दाम पहली बार जेल गया है। पुलिस ने सद्दाम के पास से मुनीम से लूटी गई 50 हजार की नगदी, एक तमंचा व चार कारतूस भी बरामद किए हैं।
पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी उमेश श्रीवास्तव ने दावा किया कि पुलिस ने थाना नहटौर के मोहल्ला छापेग्रान निवासी सद्दाम को नूरपुर में झंडा वाली चौकी के पास वाहन चेकिंग के दौरान सद्दाम को धर दबोचा। सद्दाम ने 31 मई को दिनदहाड़े फ्लोर मिल के मुनीम महेशचंद्र शर्मा की गोली मारकर हत्या कर 2.40 लाख की रकम लूट ली थी। साथ ही बीते साल सेवानिवृत्त डिप्टी सीएमओ नहटौर निवासी राधेश भटनागर के यहां भी लाखों की लूट की थी।
इसके अलावा नहटौर में इसरार को भी गोली मारी थी। उसके पास से मुनीम से लूटी गई 50 हजार की नगदी, बाइक, एक तमंचा व चार कारतूस बरामद किए हैं। सद्दाम को पकड़ने वाली टीम नूरपुर थाना प्रभारी निरीक्षक ऋषिराम कठेरिया, एसआई अनुराग चौधरी, कांस्टेबल मोहम्मद खालिद, मनीष कुमार व अशोक कुमार को पांच हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। एसपी के अनुसार सद्दाम पर नहटौर, नूरपुर व कोतवाली देहात थाने में लूट व हत्या के 11 मुकदमे दर्ज हैं। इतने मुकदमे दर्ज होने के बाद भी वह पहली बार पुलिस गिरफ्त में आया है।
उसके साथी पहले से ही जेल में हैं। पुलिस उस पर गैंगस्टर एक्ट में भी कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है। पुलिस ने सद्दाम को सीजेएम न्यायालय में पेश किया। उसे जेल भेज दिया गया।