बिजनौर में नूरपुर-अमरोहा मार्ग पर बुधवार को एक वारदात हो गई। बताया गया कि गांव रतनगढ़ की पुलिस चौकी के निकट संजीव कुमार सैनी का ढाबा है। आज शाम में करीब 7:30 बजे कार में सवार चार युवक खाना खाने आए। उन्होंने खाना खाने के बाद संजीव द्वारा रुपये मांगने पर उसके साथ मारपीट की और तमंचे के बल पर उसको जबरन उठाकर गाड़ी में डालकर अमरोहा की ओर भाग गए। वहीं घटना से आधा किलोमीटर दूर उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में जाकर पलट गई।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर गाड़ी को चारों ओर से घेर लिया। इस दौरान पुलिस ने दो बदमाशों को दबोच लिया, जबकि दो बदमाश भागने में कामयाब हो गए।
थाना अध्यक्ष नीरज कुमार शर्मा ने बताया कि बदमाशों से पूछताछ चल रही है। पूछताछ के बाद ही उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।