बिजनौर में पेद्दा हत्याकांड में जेल में बंद युवा भाजपा नेता ऐश्वर्य चौधरी मौसम के पेरोल प्रार्थना पत्र पर सोमवार को न्यायाधीश के अवकाश पर होने के कारण सुनवाई नहीं हो सकी। अब इस मामले में सुनवाई एक फरवरी को होगी।
16 सितंबर 2016 को पेद्दा में किशोरी से छेड़छाड़ को लेकर हुए विवाद में एक ही पक्ष के तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी और 12 गांव वाले घायल हुए थे। इस हत्याकांड से हड़कंप मच गया था। मामले में 29 लोगों को नामजद किया गया था।
पुलिस ने इस केस में विवेचना के दौरान युवा भाजपा नेता ऐश्वर्य चौधरी मौसम एडवोकेट व अरुण कबाड़ी का नाम शामिल किया था। ऐश्वर्य जेल में हैं। उनकी जमानत याचिका निरस्त हाे चुकी है। ऐश्वर्य की बैक बोन की डिस्क स्लिप होने के कारण उसे उपचार के लिए मेरठ मेडिकल भेजा गया था। अब ऐश्वर्य जिला जेल में ही है। ऐश्वर्य ने अपने खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए अपने उपचार के लिए अदालत से 15 दिन की पैरोल देने की मांग की है। वहीं वादी फुरकान अली ने कोर्ट के आदेश के अनुपालन में ऐश्वर्य को महाराजगंज जेल भेजने के लिए प्रार्थनापत्र दे रखा है दोनों प्रार्थना पत्रों पर अब एक फरवरी को सुनवाई होगी। वहीं पेद्दा कांड के एक और आरोपी गांव फरीदपुर भोगी निवासी कार्तिक ने सोमवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। कार्तिक पर गांव में बंदूक से गोली चलाने का आरोप है।