बिजनौर के नहटौर में अवैध रूप से संचालित स्वीमिंग पूल में एक किशोर की मौत होने के बाद प्रशासन की आंखें खुल गई हैं। पुलिस ने सभी स्वीमिंग पूलों को बंद करा दिया है। प्रशासन की आंख पहले खुल जाती तो एक किशोर की जान बच सकती थी।
पुलिस फरार स्वीमिंग पूल संचालक को तलाश कर रही है। गांव सादिकबाद स्थित स्वीमिंग पूल में डूबने से गांव बैरमनगर के किशोर आशु की मौत हो गई थी। इसके बाद हरकत में आए प्रशासन ने सालों से चल रहे स्वीमिंग पूलों को आनन-फानन में अवैध घोषित कर दिया।
इन्हें बंद कराने के आदेश भी जारी कर दिए गए। इसके बाद पुलिस ने थाना क्षेत्र के सभी स्वीमिंग पूलों को बंद करा दिया। कोतवाल चंद्रकिरण ने कहा कि पुलिस किशोर के डूबने के मामले में आरोपी पूल संचालक की तलाश कर रही है।