सैटेलाइट चौराहे पर पुलिस की शह पर ठेले लगते हैं। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए इसी थाने की पुलिस शनिवार को ठेले हटवाने पहुंच गई। आरोप है कि ठेले हटने में देरी पर पुलिस ने उन पर लाठियां बरसा दीं। एक चाय ठेला वाले को पिटाई के बाद दिल का दौरा पड़ गया। आरोप है कि बारादरी थाने के इंस्पेक्टर संजय सिंह ने उस पर लाठियां बरसाईं। सिपाहियों से पकड़वाकर पीटा। चौराहे पर दुकान लगाने वाले अन्य लोगों ने चाय वाले को निजी अस्पताल पहुंचाया। आक्रोशित लोगों ने जमकर हंगामा किया। प्रकरण एसएसपी जोगेंद्र कुमार की जानकारी में आने के बाद इंस्पेक्टर के खिलाफ एसपी सिटी रोहित सिंह सचवाण को जांच सौंपी है।
सैटेलाइट चौराहा पर करीब 14 साल से पीलीभीत के रहने वाले राकेश मौर्य चाय का ठेला लगा रहे हैं। बीवी की मौत के बाद बेटे और बेटी को वह चाय की दुकान की कमाई से पाल रहे हैं। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे इंस्पेक्टर संजय सिंह थाने के पांच सिपाहियों के साथ चौराहे पर पहुंचे। उन्होंने लाठियां फटकारते हुए ठेले वालों को हटने के लिए कहा। राकेश को सामान समेटने में थोड़ी देर हो गई। उनका आरोप है कि संजय सिंह वहां पहुंचे और गाली देते हुए लाठियां बरसा दीं। इससे राकेश के हाथ और पैरों पर चोटें आई। इसी बीच उसकी तबीयत बिगड़ गई। ठेले और दुकान लगाने वाले एंबुलेंस से राकेश को लेकर सिद्धि विनायक अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां कार्डियोलॉजिस्ट नहीं होने पर राकेश को मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है। राकेश के शरीर पर पिटाई के निशानों की डॉक्टर भी पुष्टि कर रहे हैं। पुलिस की पिटाई से एक 12 साल का लड़का और एक अन्य आटो ड्राइवर भी चोटिल हो गया। मरहम पट्टी होने के बाद अस्पताल से उन्हें जाने दिया गया।
अस्पताल पर हंगामा, नारेबाजी हुई
चाय वाले की पिटाई से नाराज लोगों ने सैटेलाइट चौराहा पर भाजपा मुर्दाबाद के नारे लगाए। इसके बाद अस्पताल पर हंगामा हुआ। लोगों में इंस्पेक्टर संजय सिंह के खिलाफ रोष है। अब लोग पुलिस के खिलाफ मुख्यमंत्री से मुलाकात करने की बात कर रहे हैं।
चाय वाला पीएम, यहां कर दी पिटाई
भाजपा प्रेसवार्ता में भी यह मामला गुंजा। भाजपा नेताओं ने कहा कि चाय वाला प्रधानमंत्री बन सकता है, यहां इंस्पेक्टर ने चाय वाले की पिटाई कर दी। भाजपा के नेता भी इंस्पेक्टर के खिलाफ अधिकारियों से बात करेंगे।
इंस्पेक्टर के खिलाफ एसपी सिटी को जांच दी गई है। मेडिकल आधार पर अगर पिटाई की बात सामने आती है तो इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। घटनास्थल के वीडियो साक्ष्य जुटाये जा रहे हैं।
-जोगेंद्र कुमार, एसएसपी
मैं खुद एसएसपी से बात करूंगा। बारादरी इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति होनी चाहिए। लोगों के साथ अन्याय नहीं हो सकता है।
-राजेश अग्रवाल, वित्त मंत्री