बिजनौर में हथियारों से लैस चार बदमाशों ने सोमवार देेर शाम बाइक से अपनी गर्भवती बहन को लेकर घर लौट रहे भाई-बहन को गन्ने के खेत में खींच लिया। दोनों को तमंचे की बटों से बुरी तरह पीटा और गर्भवती बहन को बाग में ले जाकर बलात्कार किया। बाद में दोनों से लूटपाट करने के बाद फरार हो गए। पीड़िता के पिता की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। वहीं मामले में लापरवाही बरतने पर दरोगा को सस्पेंड कर दिया गया है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक सोमवार रात अपनी गर्भवती बहन को उसकी ससुराल से लेकर बाइक से घर लौट रहा था। मंडावर-किरतपुर रोड पर गांव मोहंडिया नहर के पास पीछे से दो बाइकों पर आए चार नकाबपोश बदमाशों ने उनकी बाइक रुकवा ली और खेत में ले गए। दोनों को पीटा।
दो बदमाश गर्भवती को अपने साथ गन्ने के खेत से आगे आम के बाग में ले गए। वहां पर एक बदमाश ने गर्भवती से बलात्कार किया। बाद में दोनों से नगदी और जेवर लूटकर फरार हो गए। करीब साढ़े आठ बजे दोनों खेत से निकले तो उन्हें एक बाइक पर दो पुलिसकर्मी आते दिखाई दिए।
दोनों ने उन्हें आपबीती बताई। पुलिसकर्मी दोनों को दो घंटे तक अज्ञात स्थान पर बैठाए रखा और रात करीब साढ़े दस बजे दोनों को गांव से बाहर छोड़कर चले गए। ग्रामीणों ने दोनों को गांव ले गए और मंगलवार सुबह दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। गुस्साए लोगों ने थाने पर खूब हंगामा किया।
पुलिस ने लूट की रिपोर्ट दर्ज की। डीएम विनोद पंवार, एसपी सुभाष सिंह बघेल, एसपी सिटी कल्पना सक्सेना, एसडीएम अजय तिवारी व सीओ रामानंद कुशवाहा जिला अस्पताल पहुंचे। डीएम व एसपी ने गर्भवती के बयान लिए। डीएम ने मेडिकल के लिए दो चिकित्सकों का पैनल गठित किया। वहीं, एसपी सुभाष सिंह बघेल ने खुलासे के लिए पुलिस की चार टीम गठित की है। वहीं मामले में लापरवाही बरतने पर दरोगा एके बिंदल को सस्पेंड कर दिया गया है।