कासमपुरगढ़ी के गांव मानियावाला में बीमार लोग अस्पताल में भर्ती।
- फोटो : अमर उजाला
कासमपुरगढ़ी में गांव मानियावाला में विषाक्त शीतल पेय पदार्थ पीने से एक परिवार के पांच सदस्य बीमार हो गए। पांचों को बेहोशी की हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के मुताबिक बीमार मरीजों के सेहत में पहले की अपेक्षा काफी सुधार है।
गांव के निसार अहमद ने बताया कि बृहस्पतिवार को पूरा परिवार ईद का त्योहार मना रहा था। देर शाम को बच्चे शीतल पेय पदार्थ पीने की जिद करने लगे। एक बच्चा दुकान से जाकर शीतल पेय पदार्थ ले आया। परिवार में विशाल (13), शाहनवाज (25), सोनम परवीन (15), उवैद अहमद (8) और फिरदौस (40 ) ने कोल्ड ड्रिंक को पिया। बाकी के सदस्यों ने इसे पीने से मना कर दिया। पेय पदार्थ पीने के कुछ देर बाद ही पांचों सदस्य की हालत बिगड़ने लगी।
कुछ को उल्टी आने लगी तो कोई बेहोश होकर गिर पड़ा। घटना से परिवार के हाथ पांव फूल गए। आनन-फानन में पांचों को नजदीक के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों के मुताबिक बच्चे की हालत नाजुक बनी हुई है। बाकी की हालत में सुधार है। परिजनों ने संबंधित कोल्ड ड्रिंक कंपनी के खिलाफ पुलिस में तहरीर दे दी है। उधर, कोतवाल रवींद्र प्रताप सिंह का कहना है कि जांच कर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि इस बारे में दुकानदार से भी पूछताछ कर आरोपों की पुष्टि होने पर कार्रवाई होगी।