नगीना (बिजनौर)। जूस की दुकान बंद करके साइकिल से अपने घर जा रहे एक युवक की टैंकर से कुचल कर मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया। आरोपी चालक को हिरासत में लेकर टैंकर को कब्जे में ले लिया है।
मोहल्ला नेजो वाली गांवड़ी निवासी सोनू कुमार (30) पुरानी तहसील के सामने जूस की दुकान पर नौकरी करता था। मंगलवार की रात करीब नौ बजे दुकान बंद करके वह साइकिल से घर जा रहा था। नगीना-धामपुर राष्ट्रीय राज्य मार्ग स्थित भारत गैस गोदाम के सामने धामपुर की ओर से आ रहे टैंकर ने उसे रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी एसके सिंह मौके पर पहुंचे और आरोपी चालक को हिरासत में लेकर टैंकर को कब्जे में ले लिया। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के भाई नन्नू की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। टैंकर चालक महेशचंद आगरा के थाना ईंचोली का रहने वाला है और रुद्रपुर से दूध लेकर देहरादून जा रहा था।