डीआईजी ने कसे विवेचकों के पेंच
बिजनौर।
डीआईजी मुरादाबाद ओंकार सिंह ने जिले की पुलिस को माफिया और अपराधियों पर लगाम कसने के निर्देश दिए। कहा कि नए बदमाशों को चिन्हित करके उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएं।
पुलिस लाइन में बुधवार को डीआईजी ने छह माह से अधिक समय से लंबित विवेचना, सक्रिय अपराधी और माफिया के खिलाफ कार्रवाई की समीक्षा की। डीआईजी ने देखा कि कितनी विवेचनाएं लंबित हैं। विवेचना लंबित होने पर उन्होंने विवेचकों के पेंच कसे। कहा कि जल्द ही वे लंबित विवेचनाओं का निस्तारण कर लें, वर्ना कार्रवाई होगी। सक्रिय अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए निर्देश दिए। बैठक में एसपी अतुल शर्मा, एसपी सिटी रामधारी चौरसिया, एसपी देहात दिनेश सिंह समेत कई सीओ मौजूद रहे।
डीआईजी से मिले सांसद
बिजनौर। सांसद भारतेंद्र सिंह पुलिस लाइन के गेस्ट हाउस में डीआईजी से मिले और बिजनौर के शोभा ज्वैलर्स के यहां हुई चोरी की घटना का खुलासा करने को कहा। शोभा ज्वैलर्स के स्वामी मयंक अग्रवाल ने डीआईजी को बताया कि उनके साथ बड़ी घटना होने से बच गई। उन्हें अभी भी खतरा है। उन्हें सुरक्षा दिलाई जाए। डीआईजी ने सांसद को इस मामले में कार्रवाई कराने का भरोसा दिलाया। इस मौके पर भाजपा के जिला प्रभारी सत्यपाल सिंह पाल, दीपक गर्ग मोनू मौजूद रहे। भाजपा नेता जितेंद्र चौधरी भी डीआईजी से मिले और अपने भाई अधिवक्ता नरेंद्र कुमार के फरार कातिलों को गिरफ्तार कराने की मांग की। डीआईजी ने कार्रवाई करने का भरोसा दिया।