बालक को अगवा कर ले जा रहे युवक को दबोचा
बिजनौर। गांव मुस्तफाबाद में घर के बाहर खेल रहे एक बालक को अगवा कर लिया गया। लोगों ने बालक को अगवा करने वाले युवक को बालक समेत पुलिस के हवाले कर दिया।
गांव मुस्तफाबाद निवासी अनवर का छह साल का पुत्र रूशान रविवार को अन्य बच्चों के साथ गांव में घर के बाहर खेल रहा था। इस दौरान एक बाइक सवार युवक ने उसे अगवा कर लिया। बाकी बालकों ने यह बात परिजनों को बताई। परिजनों ने बालक की तलाश की। टिक्कोपुर नहर के पास बाइक सवार युवक को रूशान के साथ दबोच लिया गया। परिजन युवक को लेकर थाने आ गए। गांव वालों के मुताबिक बालक को अगवा करने वाला युवक ज्ञान विहार कॉलोनी का दीपक निकला। गांव वालों ने दीपक को पुलिस के हवाले कर दिया। शहर कोतवाल फतह सिंह के मुताबिक बालक का अपहरण नहीं किया गया था। आपस में कोई गलतफहमी हो गई थी। दोनों पक्षों में समझौते की बात हो रही है।