हीमपुरदीपा। गांव फतेहपुर कला और चौकपुरी मार्ग पर बृहस्पतिवार की देर शाम सेना की तैयारी के लिए रेस लगा रहे युवकों ने एक बाइक सवार दो लोगों को घायल अवस्था में पड़े देखा। युवकों ने पास आकर देखा तो सड़क पर तमंचा और काफी मात्रा मे कारतूस पड़े हुए थे। इससे रेस लगाने वाले युवक घबरा गए और गांव वालों को सूचना दी। ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख दोनों घायल फरार हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर घटना स्थल पर पहुंची हीमपुर दीपा व हल्दौर थाने की पुलिस ने जंगलों की कांबिंग कर मौके से एक बाइक बरामद की है। माना जा रहा है कि दोनों युवक बदमाश थे और किसी घटना को अंजाम देने जा रहे थे। वे अपना तमंचा व कारतूस उठाकर ले गए। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है।
एसपी ने तीन कोतवाल को हटाया
बिजनौर। एसपी उमेश कुमार सिंह ने हल्दौर, नांगल व किरतपुर के थाना प्रभारी को हटा दिया है। एसपी ने हल्दौर थाने के प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र भड़ाना को नगीना कोतवाली में अतिरिक्त प्रभारी बनाकर भेजा है। किरतपुर के प्रभारी निरीक्षक लव सिरोही को धामपुर कोतवाली का अतिरिक्त प्रभारी बनाया है। नगीना थाने में तैनात अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक कानून व्यवस्था कुलदीप सिंह को चांदपुर कोतवाली का प्रभारी निरीक्षक बनाया है। चांदपुर के प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश मिश्रा को किरतपुर का प्रभारी निरीक्षक बनाया है। क्राइम ब्रांच में तैनात राजकुमार शर्मा को हल्दौर थाने का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। पुलिस लाइन में तैनात सतेंद्र कुमार को नांगल थाने का प्रभारी निरीक्षक बनाया है। नांगल थाने के प्रभारी निरीक्षक राजेश चौहान को क्राइम ब्रांच में तैनात किया है।