मंडावर। शराब के नशे में पिता-पुत्र के बीच हुआ विवाद इतना बढ़ा कि एक की जान चली गई। गुस्से में आकर बेटे ने अपने पिता के सिर में सरिया मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन चिकित्सक उसे बचा नहीं सके। पुलिस ने आरोपी बेटे के खिलाफ गैर इरादतन हत्या में रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव मोहम्मदपुर देवमल निवासी 40 वर्षीय पवन और उसके बेटे सन्नी ने शनिवार रात शराब पी रखी थी। गांव वालों के अनुसार पवन नशे में परिजनों को भी गाली दे रहा था। परिजनों ने रात करीब नौ बजे उसको एक कमरे में बंद कर दिया। पवन किसी तरह कमरे से बाहर आ गया और अपने बेटे सन्नी से लड़ने लगा। सन्नी भी नशे में था। गुस्से में सन्नी ने अपने पिता के सिर पर सरिया मार दिया। पवन लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। जिसके बाद सन्नी मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पवन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। उधर, इस मामले में ग्राम पंचायत मोहम्मदपुर सुजान के ग्राम प्रधान बिजेंद्र ने सन्नी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उधर, एसओ जसवीर सिंह के मुताबिक आरोपी सन्नी की तलाश की जा रही है।