बिजनौर। जिला कारागार में चाय देने के विवाद में महिला जेलकर्मी ने महिला बंदियों के साथ जेल में बंद पूर्वांचल की अपराधी विजया यादव के साथ मारपीट हुई। इस घटना को लेकर जेल में हंगामा मचा रहा। वहीं जेल अफसरों से जेल में ऐसी कोई घटना होने से हाथ खड़े कर दिए हैं।
जिला फिरोजाबाद निवासी विजया यादव को चार साल पहले प्रशासनिक आधार पर आगरा जेल से बिजनौर जेल भेजा गया था, तब से वह बिजनौर जेल में बंद है। सूत्रों के मुताबिक रविवार को जेल में विजया यादव पूजा में व्यस्त थी। इस दौरान बैरक में बांटने के लिए चाय आ गई। बंदियों ने विजया यादव से चाय लेने को कहा। पूजा में व्यस्त होने के कारण विजया चाय लेकर भगवान को भोग नहीं लगा सकी। बैरक में एक जेलकर्मी ने चाय बंटवा दी। विजया पूजा की थाली हाथ में लेकर तुलसी के पेड़ को जल दे रही थी। चाय बंटवाने पर विजया व एक महिला जेल कर्मी में कहासुनी हो गई। महिला जेल कर्मी ने उसकी पूजा की थाली में हाथ मार दिया। इस बात पर दोनों में हाथापाई हो गई। सूत्रों के मुताबिक महिला जेल कर्मी ने कई महिला बंदियों को अपने साथ लेकर बैरक में विजया यादव को खूब पीटा। जेल में हंगामा मचा रहा। मारपीट में विजया को कई चोट आईं है। विजया अपना डाक्टरी मुआयना कराना चाहती है पर कोई जेल अफसर उसकी नहीं सुन रहा। रविवार को जेल में अन्य बंदियों से मुलाकात करने गए कई लोगों से विजया ने अपने साथ मारपीट होने की बात बताई हैं। जेल अधीक्षक राधा कृष्ण मिश्रा ने विजया यादव के साथ जेल में किसी भी तरह की मारपीट होने से इंकार किया है।