चोरों ने माता की मूर्ति खंडित कर नगदी चुराई
हल्दौर। चोरों ने मंदिर में घुसकर काली मां की मूर्ति खंडित कर दी और त्रिशूल से दो मंदिरों की तिजोरी के ताले तोड़कर करीब पांच सौ रुपये चोरी कर ली। ग्रामीणों ने दोनों चोरों को बिलाई चीनी मिल के सामने एक खोखे का ताला तोड़ते हुए दबोच लिया। चोरो की जमकर धुनाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दोनों के पास से चोरी किया सामान बरामद किया है।
ग्राम नांगलजट के निकट नहर की पुलिया के पास काली माता का मंदिर स्थित है। ग्रामीणों के अनुसार गांव के ही मंदिर के पुजारी बाबा योगेंद्र पाल सिंह शनिवार की मंदिर में नहीं थे। रात में किसी समय चोरों ने मंदिर में प्रवेश कर काली मां के दाहिने हाथ को खंडित कर उनका त्रिशूल निकाल लिया। चोरों ने त्रिशूल से मंदिर की तिजोरी तोड़कर करीब तीन सौ रूपये की नकदी चोरी कर ली। इसके बाद चोरों ने बिलाई चीनी मिल के पास स्थित एक अन्य मंदिर में रखी तिजोरी से करीब दो सौ रुपये की नकदी चोरी की। मिल के आसपास तैनात सुरक्षाकर्मियों को वहां पर चोरों के होने का आभास हुआ। उन्होंने फोन पर सूचना ग्रामीणों को दी। मौके पर ग्रामीणों व सुरक्षाकर्मियों ने चोरों को एक खोखे के ताले तोड़ते हुए दबोच लिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने दोनों चोरों की जमकर धुनाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार पकड़े गए चोर मोहल्ला चौधरियान झालू निवासी राजीव कुमार व गांव रुकनपुर नंगला निवासी अनिल कुमार शामिल है। पुलिस ने चोरों के पास से माता का त्रिशूल व पांच सौ रुपये बरामद की है। थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा ने बताया कि दोनों चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।