बिजनौर। नगीना पुलिस ने अवैध शस्त्र बनाने की फैक्ट्री पकड़ी है। फैक्ट्री एक गन्ना क्रेशर के खंडहर भवन में बना रखी थी। फैक्ट्री से तीन बंदूक, दस तमंचे, असलाह बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान फैक्ट्री चलाने वाले एक बदमाश को दबोचा है, जबकि एक भाग निकला। फैक्ट्री में बने हथियार वेस्ट यूपी के अलावा उत्तराखंड में सप्लाई किए जाते थे।
एसपी देहात विश्वजीत श्रीवास्तव के मुताबिक नगीना थाने के प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र कुमार सिंह की अगुवाई में टीम ने नगीना रायपुर रोड गांव मलकपुर मोड पर बंद पड़े गन्ना क्रेशर भवन में चल रही अवैध शस्त्रों की फैक्ट्री पकड़ी है। मुठभेड़ के दौरान नगीना के मोहल्ला कलालान निवासी शाहिद उर्फ पप्पी को दबोचा है। उसका साथी नगीना के मोहल्ला सरायमीर निवासी सलीम उर्फ नूरी पुलिस को चकमा देकर भाग गया। पुलिस ने फैक्ट्री से तीन 12 बोर की बंदूक, आठ 12 बोर व 315 बारे के तमंचे , दो 32 बोर के तमंचे ,चार अधबने तमंचे व बंदूक और तमाम उपकरण व अन्य सामन बरामद किया है। एसपी देहात ने बताया कि शाहिद व सलीम बिजनौर के अलावा मेरठ, बागपत , मुजफ्फरनगर व अन्य जिले में फैक्ट्री से बने हथियार बेचते थे। उत्तराखंड में भी ये हथियार सप्लाई करते थे। कई सालों से दोनों इस काम को कर रहे हैं। शाहिद ने उत्तराखंड के काशीपुर में मकान भी बना रखा है। उत्तराखंड में भी वह उस तमंचों के साथ पकड़ा जा चुका है। नगीना देहात थाना क्षेत्र में भी पकड़ा गया है। चोरी छिपे फैक्ट्री से हथियार बेचने के लिए जाते थे।
चार तमंचे लगे थे कमर में
एसपी देहात के मुताबिक शाहिद ने पकड़ जाने के दौरान चार तमंचे तो कमर में लगा रखे थे। जब उसे पकड़कर तलाशी ली तो ये तमंचे उसकी कमर में लगे बरामद हुए ।
20 हजार में मिलती थी बंदूक
शाहिद व सलीम फैक्ट्री से बनी बंदूक 20 हजार व तमंचे पांच से सात हजार रुपये में बेचता था। खरीदार बनाकर जब पुलिस को फैक्ट्री पर तमंचा खरीदने भेजा तो तब फैक्ट्री का पता चला।
----------------
मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश दबोचे, चोरी की पिस्टल बरामद
नगीना। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को दबोचा है। बदमाशों के पास से दो माह पूर्व एक बढ़ापुर के एक कृषि फार्म से चोरी की गई पिस्टल बरामद की। पिस्टल की कीमत अन्तरराष्ट्रीय बाजार में आठ लाख रुपये की बताई जा रही है।
सीओ नगीना प्रवीण कुमार सिंह के मुताबिक कोतवाल सतेंद्र कुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ नगीना-बढापुर रोड स्थित खो नदी के पुल के पास बढ़ापुर की ओर से बाइक से आ रहे दो बदमाशों को मुठभेड़ के दौरान दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से बढ़ापुर क्षेत्र में स्थित गांव हरगनपुर निवासी अक्षय कुमार सिंह के फार्म हाउस से चोरी किया गया 32 बोर का विदेशी लाइसेंसी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा एक तमंचा 315 बोर दो कारतूस, एक बाइक बरामद की। पकडेेेे़ गए बदमाशों ने बढ़ापुर के मोहल्ला कस्सावान निवासी मोहम्मद शहजाद मोहल्ला पठानान निवासी मोहम्मद आमिर उर्फ बाबू है।। सीओ ने बताया कि विदेशी लाइसेंसी पिस्टल मेड इन स्पेन है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत पिस्टल आठ लाख रुपये है।