नहटौर। डांस पार्टी में सीटी बजाने को लेकर दो समुदायों के युवकों के बीच विवाद हो गया। दोनों गुटों के बीच जमकर लात घूंसे चले। थाने में समझौता होने के बाद एक समुदाय के युवकों ने बाजार में आए दो युवकों पर हमला कर घायल कर दिया। घायलों ने पुलिस को तहरीर दी है।
गांव कलाली में कई दिनों से रामलीला मंचन की आड़ में डांस पार्टी का आयोजन किया जा रहा था। गांव वालों के मुताबिक बुधवार की रात डांस पार्टी देखने आए गांव नसीरपुर के युवकों ने सीटी बजाकर हुड़दंग काटना शुरू कर दिया। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। गांव भटियाना खुशाहलपुर के एक युवक के साथ मारपीट हो गई। इसके बाद दोनों समुदायों के युवक आमने -सामने आ गए। दोनों और से जमकर लात घूंसे चले। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर लोग तितर बितर हो गए। पुलिस डांस पार्टी को बंद कराकर आयोजकों को पकड़कर थाने ले आई। बृहस्पतिवार की दोपहर थाने में आयोजकों और नसीरपुर के लोगों के बीच में समझौता हो गया। पुलिस ने पकड़े गए लोगों को छोड़ दिया। शाम के समय गांव कलाली निवासी युवक उज्ज्वल अपने एक साथी के साथ गांव नसीरपुर में बाजार करने गया था। लौटते समय कुछ युवकों ने उन पर हमला बोल दिया। पैर में लोहे की रॉड मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले की तहरीर पुलिस को दी गई है। कोतवाल चंद्रकिरण का कहना है कि मामले की जानकारी कराई जा रही है।