मुगलसराय। नई दिल्ली से भुवनेश्वर जा रही 22824 डाउन राजधानी एक्सप्रेस के बी 9 कोच से एक महिला का पर्स कोच अटेंडेंट ने चुरा लिया। महिला की शिकायत पर एस्कोर्ट पार्टी ने कोच अटेंडेंट को मुगलसराय जीआरपी के सुुपुर्द कर दिया। महिला से मिली तहरीर के आधार पर मुगलसराय जीआरपी ने आरोपित कोच अटेंडेंट के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। जीआरपी इंस्पेक्टर आरके सिंह ने बताया कि पीड़ित महिला निरुपमा पटनायक की तहरीर पर मामला दर्ज कर कोच अटेंडेंट पर कार्यवाही करते हुए उसे कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
नई दिल्ली से भुवनेश्वर जा रही महिला निरुपमा पटनायक का रिजर्वेशन बी 9 कोच में 59 नंबर बर्थ पर था। इस कोच का कोच अटेंडेंट बिहार के शेरघाटी के श्रीरामपुर निवासी देव कुमार शर्मा था। कानपुर से ट्रेन के आगे बढ़ते ही महिला की आंख लग गई और वह अपने बर्थ पर सो गई। इलाहाबाद से ट्रेन के आगे बढ़ने पर महिला की नींद खुली तो उसने अपना पर्स गायब पाया। इसकी जानकारी उसने ट्रेन में चल रहे एस्कोर्ट पार्टी को दी और कोच अटेंडेंट पर संदेह व्यक्त किया। एस्कोर्ट पार्टी ने पीड़ित निरुपमा पटनायक के संदेह को संज्ञान में लेकर कोच अटेंडेंट की तलाशी ली तो पर्स उसके पास मिल गया। इसपर महिला ने उन्हें मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। ट्रेन के मुगलसराय पहुंचने पर एस्कोर्ट पार्टी ने कोच अटेंडेंट देव कुुमार शर्मा को निरुपमा से मिली तहरीर के साथ जीआरपी को सौंप दिया। जीआरपी ने आवश्यक कार्यवाही करते हुए कोच अटेंडेंट को जेल भेज दिया।