रेहड़। गांव जाफराबाद से चोर दीवार फांदकर एक घर से लाखों का सामान समेट ले गए। घटना का पता लगने पर परिवार में खलबली मच गई। पीड़ित परिवार ने तहरीर देकर घटना के खुलासे की मांग की है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
गांव जाफराबाद निवासी अंकुश पुत्र समरपाल ने बताया वह शनिवार रात दस बजे मुख्य गेट लगाकर दुमंजिले पर सोने के लिए चला गया, जबकि छोटा भाई विमल, मां संतोष और दो मेहमान बरामदे में सोए हुए थे। शनिवार रात में किसी समय चोर दीवार फांदकर घर में घुस आए ओर सेफ व संदूक का लॉक तोड़कर खंगाल ले गए। पीड़ित परिवार का कहना है कि चोर दो तोले सोना, दस हजार नगदी, बर्तन व कपड़े सहित करीब एक लाख का सामान चोरी कर ले गए। सवेरे उठने पर घर में चोरी होने का शक हुआ, जब परिजनों ने देखा तो उनके होश उड़ गए। परिजनों ने पुलिस से जांच कर घटना का खुलासे की मांग की है। उधर, इंस्पेक्टर विजेंद्र पाल राणा का कहना है कि गश्त बढ़ाई जाएगी। शीघ्र ही चोरी का खुलासा कर सामान बरामद किया जाएगा।