बिजनौर। एसपी प्रभाकर चौधरी ने शुक्रवार को शास्त्री चौक, सिविल लाइन व रोडवेज बस स्टैंड के आसपास अतिक्रमण हटवाया। इस दौरान लोगों में खलबली मची रही। अतिक्रमण हटने से सड़के चौड़ी दिखाई देने लगी। वहीं नजीबाबाद मार्ग पर अतिक्रमा करनेवाले 30 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
शुक्रवार को एसपी प्रभाकर चौधरी के साथ पुलिस व नगर पालिका की टीम ने शास्त्री चौक से अतिक्रमण हटाना शुरू किया। सिविल लाइन , मुख्य डाकघर चौराहे रोडवेज बस स्टैंड के आसपास कलक्ट्रेट व प्रदर्शनी चौक तक अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान जेसीबी मशीन से होर्डिंग्स व बोर्ड हटवाए गए। आलम यह रहा कि अतिक्रमण हटाने वाली टीम को देखकर खुद लोग अपना सामान लेकर भागने लगे। अतिक्रमण हटाने से खलबली मची रही। कई व्यापारी दुकानें के आगे बढ़ा अतिक्रमण खुद तोड़ने में जुट गए। रोडवेज बस स्टैंड के आसपास काफी देर तक टीम अतिक्रमण हटाती रही। कई लोग अपना सामान खुद हटाने के लिए अफसरों से गुहार करते रहे। एसपी ने कहा कि किसी भी कीमत पर अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा। लोग या तो खुद अतिक्रमण हटा ले वरना पुलिस हटवा देगी। उधर अतिक्रमण हटाने के दौरान ई-रिक्शा कहीं भी दौड़ती नजर नहीं आई । उधर, नजीबाबाद मार्ग पर अतिक्रमण करने वाले 30 लोगों के खिलाफ शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। रिपोर्ट सिविल लाइन चौकी पर तैनात दरोगा आशीष तोमर की ओर से दर्ज हुई है। सड़क के दोनों और शास्त्री चौक से नजीबाबाद मार्ग तक अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ धारा 427,3/2 लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम के तहत यह रिपोर्ट दर्ज हुई हैं।
ठेलों व प्राइवेट बसों को हटाया।
नगीना। एसपी के निर्देश पर पुलिस प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत नगीना-धामपुर हाइवे पर डबल फाटक के चौराहे पर खड़े फलों के ठेलों व प्राइवेट बसों को हटाया।
थाना प्रभारी निरीक्षक संजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में नगीना पुलिस ने सुबह दस बजे से सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े फलों, सब्जियों व अन्य ठेलों को हटवा दिया। साथ ही चौराहे के आस पास खड़ी प्राईवेट बसों को भी हटवाया गया। कई बड़े वाहनों के टायरों की हवा भी निकाल दी गई। इसके कारण बस संचालकों ने अपनी बसों को सड़क किनारे से हटा लिया। थाना प्रभारी ने चेतावनी दी है कि चौराहे व उसके आस पास अतिक्रमण करने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।