घर का ताला तोड़कर चोरी
मुजफ्फरनगर। नई मंडी के लक्ष्मण विहार में चोरों ने एक मकान का ताला तोड़कर उसमें रखी हजारों की नकदी व कीमती सामान चोरी कर लिया। पीड़ित की ओर से तहरीर मिलने पर पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर रही है।
नई मंडी कोतवाली के मोहल्ला लक्ष्मण विहार निवासी जगबीर सिंह सोमवार को परिजनों समेत किसी कार्य से बाहर गया हुआ था। मकान का ताला लगाया हुआ था। रात्रि में चोरों ने उसके मकान का ताला तोड़कर मकान में रखी दो मोबाइल, पेन ड्राइव, दस हजार रुपये की नकदी व अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। मंगलवार सुबह जब जगबीर अपने घर पहुंचा, तो उसे घटना का पता चला। घटना की सूचना पुलिस को दी, जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। तहरीर दे दी गई है। पुलिस ने अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
हमलावर को दबोचा
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पुलिस ने विगत दिनों खांजापुर में युवक को गोली मारने की घटना में नामजद आरोपी पराग निवासी शामली रोड को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खांजापुर निवासी इंदु के घर पर उसका परिचित गणेशपुरी निवासी अर्पण मित्तल पुत्र सुरेंद्र 12 मई को किसी कार्य से आया था। वहां पर दो युवकों ने उसे गोली मार कर घायल कर दिया था। इस मामले के एक आरोपी मोहित ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। पुलिस ने मोहित का पुलिस रिमांड लेकर उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तमंचा बरामद कर लिया था। पुलिस ने मंगलवार को दूसरे आरोपी पराग को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।