दोहरे हत्याकांड का खुलासा बना चुनौती
नजीबाबाद।
आदर्शनगर में हुआ दोहरा हत्याकांड पुलिस के लिए चुनौती बन गया है। शातिर बदमाशों ने जिस चतुराई के साथ वारदात को अंजाम दिया, उसकी तह तक पहुंचने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। एक दर्जन से अधिक लोगों से पूछताछ के बाद भी पुलिस खुलासे के नजदीक नहीं पहुंच सकी है।
आदर्शनगर के मुख्य मार्ग पर स्वर्गीय करन सिंह यादव की पत्नी अनुराधा और पुत्रवधू प्रिया की हत्या को पांच दिन हो चुके हैं। करन सिंह के पुत्र योगेश यादव ने पूर्व पत्नी खुशबू सहित चार लोगों को शक के आधार पर हत्या के आरोप में नामजद किया था। थाना प्रभारी एवं विवेचना अधिकारी सतीश कुमार, एसएसआई सतेंद्र भड़ाना एसपी और सीओ के निर्देशन में घटना के दिन से ही मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश में जुटे हैं। पुलिस ने पूर्व पत्नी के संबंधियों, पीड़ित योगेेश यादव और उसके संबंधियों से पूछताछ के बाद घर में सफाई के लिए आने वाली महिला से भी पूछताछ की। सफाईकर्मी से पूछताछ में इतना संकेत अवश्य मिला है कि हत्यारों ने बड़ी वारदात को साढ़े बारह बजे के बाद अंजाम दिया। महिला सफाई करने बाद 12:30 बजे अपने घर चली गई थी। शातिर कातिलों तक पहुंचने के लिए पुलिस कई एंगिल से घटना की खोजबीन में जुटी है। फिलहाल पुलिस के हाथ खाली हैं। एक टीम योगेश की पूर्व ससुराल सहारनपुर में डेरा डाले हुए है।