नांगलसोती/नजीबाबाद (बिजनौर)। गांव तिसोतरा में जाट और मुस्लिम पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले और पथराव भी हुआ। संघर्ष में दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए। एक पक्ष की ओर से 11 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है, जबकि दूसरे पक्ष की ओर से अब तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी है। मामला ओछी टिप्पणी पर तूल पकड़ना बताया जाता है। घटना को गंभीरता से लेते हुए गांव में पीएसी और पुलिस बल तैनात किया गया है।
गांव तिसोतरा में बुधवार देर शाम जाट बिरादरी के संजय और मुस्लिम समुुदाय के पूर्व प्रधान इरफान अहमद के बीच छींटाकशी को लेकर जमकर लाठी-डंडे चले। कुछ ही देर में पथराव भी हो गया। घटना में संजय पक्ष के अनोज व गौरव और इरफान पक्ष के इरफान व सायरा घायल हो गए। घटना से गांव में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने इरफान अहमद व सायरा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि दूसरे पक्ष से घायल अनोज व गौरव का गांव में ही उपचार कराया गया।
पूर्व प्रधान इरफान अहमद ने पुलिस को तहरीर सौंपकर बताया कि वह बुधवार देर शाम घर पर ही नमाज पढ़ रहा था, तभी संजय व उसके साथ कई लोग उसके घर पर पहुंचे और गाली गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। भाई की पत्नी सायरा बीचबचाव के लिए आई, तो हमले में वह भी घायल हो गई। इरफान अहमद ने बताया कि उसके घायल होने के बावजूद हमलावर उसे घर से उठाकर अपने घर ले गए और कमरे में बंद कर मारापीटा।
उधर, दूसरे पक्ष के संजय ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि इरफान अहमद, ग्राम प्रधान कामेंद्र तोमर सहित कई लोगों ने अनोज से अभद्रता करते हुए उसके साथ मारपीट की। संजय ने बताया कि अनोज जान बचाकर उसके घर में घुसा, तो हमलावरों ने उसके घर पर भी पथराव कर दिया।
नांगल पुलिस ने पूर्व प्रधान इरफान अहमद की तहरीर पर संजय, गौरव, सौरव, अनिकेत, कौशल, कपिल, शिवम, अवनीश, सन्नी, अनोज, कामेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। उधर, संजय की ओर से दी गई तहरीर पर फिलहाल पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। सीओ नगीना महेश कुमार ने रात ही गांव पहुंचकर दोनों से पूछताछ की। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने गांव में पुलिस बल और पीएसी के जवान तैनात किए हैं।