नहटौर। गांव बल्लाशेरपुर में सड़क किनारे स्थित एक मकान में मारुति वैन घुसने से विवाद हो गया। मामला दो समुदायों के बीच होने पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। कार सवार को हिरासत में लेने पर उसके पक्ष के लोगों ने पुलिस से अभद्रता कर दी। विवाद बढ़ने पर पुलिस ने लाठी फटकारते हुए भीड़ को खदेड़ा और तीन लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले आई ।
गांव बल्लाशेरपुर निवासी प्रेमचन्द कश्यप का घर गंगवाली जाने वाली सड़क के किनारे स्थित है। ग्रामीणों के मुताबिक मंगलवार की रात करीब साढ़े आठ बजे गंगवाली निवासी फुरकान अहमद मारुति वैन से अपने तीन साथियों के साथ घर जा रहा था। इसी दौरान उसकी वैन से प्रेमचन्द के मकान में टक्कर लग गई। इसमें एक दीवार गिर गई। इसे लेकर दोनों में विवाद हो गया। विवाद होने की सूचना पर फुरकान अहमद के गांव के कई लोग भी मौके पर पहुंच गए। दोनों समुदायों के लोग आमने-सामने आने पर विवाद और बढ़ गया। मौके पर पहुंची पुलिस जब वैन चालक को थाने लाने लगी तो उसके पक्ष के लोगों ने हंगामा करते पुलिस के साथ अभद्रता करनी शुरू कर दी। पुलिस ने लाठी फटकारते हुए भीड़ को खदेड़ा और तीन लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले आई। कस्बा इंचार्ज इरशाद अली ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच समझौता होने की बात चल रही है ।