सराफ के बेटे से लूट करने वाला एक बदमाश दबोचा
बिजनौर। नहटौर पुलिस ने धामपुर के सराफा व्यापारी के पुत्र पर रॉड से हमला करके ढाई लाख रुपये से भरा थैला लूटने की घटना का खुलासा कर दिया है। एक बदमाश को पुलिस ने लूट की रकम व मोबाइल के साथ दबोच लिया है। बाकी बदमाशों की पुलिस तलाश में जुटी है।
एसपी संजीव त्यागी के मुताबिक धामपुर के मोहल्ला बंदूकचियान निवासी संतोष व उसका पुत्र शुभम सोने, चांदी के जेवरात बनाकर बेचने का काम करते हैं। शनिवार को दोनों बाइक से नहटौर बाजार करने आ रहे थे। संतोष ने बेटे से बाइक नहटौर नगीना मार्ग पर ले जाने को कहा। कोतवाली के पास संतोष अपने एक परिचित से मिलने चला गया। शुभम वहां अकेला रह गया। बदमाशों ने उसके सिर में रॉड मारकर ढाई लाख रुपये के नोटों से भरा थैला लूट लिया और फरार हो गए। शुभम ने नहटौर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। एसपी ने पुलिस को इस घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए। पुलिस ने नहटौर की गांगन नदी बैराज के पास सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस से नगीना थाने के गांव गंगवाली निवासी फुरकान अहमद को दबोच लिया। फुरकान के पास से लूट के आठ हजार रुपये व घटना में प्रयुक्त मोबाइल बरामद किया है। फुरकान ने पुलिस को बताया कि उसने सराफ संतोष को फोन करके सोने, चांदी का सामान रखने के बहाने पांच लाख रुपये लेकर बुलाया था। वह अपने बेटे शिवम के साथ बाइक से गांव डूंडाखेड़ी के पास पहुंचे। संतोष को वह शराब पिलाने के बहाने अलग ले गया। नगीना थाने के गांव तिकड़ी निवासी उसका साथी नियाजुद्दीन, रामपुर के स्वार थाने के गांव मिलक गुलाम निवासी अखतर, रामपुर जिले के गांव इमरतपुर निवासी निसार अहमद वहां पहुंच गए। शिवम पर हमला करके उससे ढाई लाख रुपये लूट लिए। फुरकान उनके पीछे बाइक से चला गया। पुलिस घटना में शामिल फरार तीन बदमाश अख्तर, निसार व नियाजुद्दीन की तलाश में जुटी है।