कालाबाजारी के लिए ले जाया जा रहा खाद्यान पकड़ा
रेहड़ (बिजनौर)। पुलिस ने कालाबाजारी के लिए जा रहा 19 बोरे गेहूं के खाद्यान को पकड़कर कब्जे में ले लिया। गाड़ी चालक सहित प्रधान को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पूर्ति विभाग ने मामले में जांच कर कार्रवाई शुरू कर दी है। खाद्यान राशन डीलर का बताया गया है।
सोमवार को पुलिस को सूचना मिली की छोटे हाथी से डीलर का खाद्यान भरकर कालाबाजारी के लिए जा रहा है। पुलिस ने पेट्रोल पंप के पास चेकिंग कर छोटे हाथी को पकड़ लिया। पुलिस को उसमें 19 बोर गेहूं के भरे मिले। पुलिस ने आरोपी चालक को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। चालक ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह जोगीपुर पंचायत के राशन डीलर प्रेम सिंह के कहने पर राशन भरकर ले जा रहा था। पुलिस ने डीलर को हिरासत में ले लिया। एआरओ महेश गौतम ने पहुंचकर डीलर के गोदाम पर छापेमारी की। डीलर के दस्तावेजों से राशन का मिलान किया जा रहा है। एआरओ का कहना है कि मिलान में राशन कम मिलने पर डीलर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराकर कार्रवाई होगी। पुलिस की इस कार्रवाई से राशन डीलरों में हड़कंप मचा है। देर शाम तक मामले की जांच जारी थी।