निकाह करने को गैर समुदाय की प्रेमिका महाराष्ट्र से चलकर प्रेमी के घर पर आ धमकी। इससे गांव में तनाव हो गया। हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने युवती को काफी समझाने का प्रयास किया, परंतु वह अपनी जिद पर अड़ी रही। मामला तूल पकड़ते देेख पुलिस ने युवती को महिला थाने बिजनौर भेज दिया। साथ ही उसके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया है।
गांव नावका निवासी विशेष समुदाय का एक युवक तीन वर्ष पहले महाराष्ट्र में प्रोविजनल स्टोर चलाता था। वहां युवक की मुलाकात पड़ोस में रहने वाले दूसरे समुदाय की युवती से हो गई। दोनों में नजदीकी बढ़ गई। प्रेमी युगल में करीब डेढ़ साल तक संबंध रहे। एक साल पहले युवक अपने घर लौट आया। बाद में युवक के परिजनों ने उसे महाराष्ट्र नहीं जाने दिया। बावजूद इसके प्रेमी युगल में मोबाइल से एक दूसरे के संपर्क में रहे। सोमवार को उस समय गांव में बखेड़ा खड़ा हो गया जब युवती महाराष्ट्र से प्रेमी के घर आ धमकी और निकाह की जिद पर अड़ गई। मौके पर पहुंचे हिंदू युवा वाहिनी के मंडल प्रभारी डा. एनपी सिंह और ग्रामीणों ने युवती को काफी समझाने की कोशिश की। परंतु पर अपनी जिद पर अडिग रही। युवती के न मानने पर हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने उसे ग्राम प्रधान की सुपुर्दगी में दे दिया। पुलिस ने मामला बढ़ता देख मंगलवार की सवेरे युवती को महिला थाना बिजनौर भेज दिया। पुलिस युवती के परिजनों से वार्ता करने का प्रयास कर रही है। कार्यवाहक प्रभारी तिरसपाल शर्मा का कहना है कि युवती को महिला थाने भेज दिया गया है। युवती की इच्छा पर आखिरी निर्णय लिया जाएगा।