धामपुर। थाना क्षेत्र के गांव नंगला गन्ना उर्फ करनावाला में शनिवार रात कहासुनी को लेकर पांच लोगों ने गांव के ही एक व्यक्ति की कुदाली से प्रहार से हत्या कर दी। घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा है। सूचना मिलने पर पुलिस ने गांव में जाकर शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है। मृतक के भाई महेंद्र सिंह ने गांव की एक महिला सहित चार लोगों को नामजद करते हुए हत्या कर रिपोर्ट कायम कराई है। पुलिस ने रिपोर्ट कायम करने के बाद कार्रवाई करते हुए नामजद महिला को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य चारों आरोपी फरार हो गए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
गांव के महेंद्र सिंह ने पुलिस में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उनके भाई रघुनाथ सिंह (50) ने 15 अक्तूबर को गांव में ही अपनी पुत्री गोद भराई की रस्म का आयोजन किया था। इस कार्यक्रम में गांव के ही अमित आदि से परिवार के लोगों की कहासुनी हो गई थी। तब तो मामला निपट गया था, लेकिन आरोपी तभी से उनके परिवार से रंजिश रखने लगे थे। आरोप है कि शनिवार को जब परिवार के लोग नहीं थे तो आरोपियों ने एक राय होकर उनके घर पर चढ़ाई कर दी। हालांकि उनके द्वारा विवाद को बिताने का भरसक प्रयास किया गया, लेकिन आरोपी नहीं माने। आरोप है कि इस दौरान गांव के शीशपाल, अमित कुमार, रूपा, परवेंद्र कुमार और रमेशचंद ने उनके भाई रघुनाथ सिंह के साथ सभी ने पहले तो मारपीट की और बाद में शीशपाल ने उनके भाई की सिर पर कुदाली से हमला कर दिया। उसके भाई के सिर में गंभीर चोट आई। बेहोश होने के बाद वह भाई को जब उपचार को धामपुर के सरकारी अस्पताल में लेकर जाने का प्रयास कर रहे थे तो रास्ते में रघुनाथ की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। महेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने एक महिला सहित चार लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट कायम की है। नामजद आरोपी रूपा सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, बाकी आरोपी फरार है। अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने का पुलिस की ओर से प्रयास किया जा रहा है।