जीप चालकों ने लुधियाना जा रहे दंपति को पीटा
नजीबाबाद। लुधियाना जा रहे एक दंपति को नजीबाबाद में जीप चालकों ने बुरी तरह से पीटा। महिला की गोद में मौजूद बालिका के मुंह पर भी खरोंचें आईं। पीड़ित दंपति ने पांच हजार रुपये छीनने, मोबाइल फोन तोड़ने और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए तहरीर सौंपी है।
कोटद्वार निवासी शहजाद लुधियाना में रहकर काम करता है। वह कुछ समय पहले पहाड़ी दरवाजा नगीना में अपनी ससुराल गया था। नगीना से पत्नी शमा, पुत्री इनाया को लेकर घर कोटद्वार पहुंचा था। कोटद्वार से वापस लुधियाना जाने के लिए शहजाद शनिवार सुबह नजीबाबाद पहुंचा था। यहां से उसे ट्रेन से लुधियाना के लिए रवाना होना था। वह वाहन के इंतजार में छोटे भाई अबुजर के साथ रेलवे स्टेशन चौराहे पर खड़ा था। तभी एक जीप को बैक करने के दौरान शमा को जीप की टक्कर लग गई। शहजाद, शमा द्वारा नाराजगी जताने पर मामले ने तूल पकड़ लिया। आरोप है कि संबंधित जीप चालक और आसपास मौजूद अन्य जीप चालकों ने शहजाद और उसके परिजनों की पिटाई कर दी। इससे पहले कि पुलिस मौके पर पहुंचती मारपीट करने वाले भाग निकले। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।