बिजनौर। लंदन में नौकरी दिलाने के नाम पर इंटरनेट के माध्यम से एक युवक से लाखों रुपये ठग लिए। पीड़ित ने इस मामले में शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मोहल्ला जाटान निवासी नजीब ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसने एक जॉब सर्चिंग वेबसाइट पर लंदन में एक व्यवसायी के यहां नौकरी का विज्ञापन देखा था। उसने ईमेल से उक्त जॉब के लिए आवेदन कर दिया। कुछ दिनों बाद उसकी ईमेल आईडी पर जॉब ऑफर लेटर आया। उसने उस पर हस्ताक्षर कर दिए। बाद में उसे ब्रिटिश दूतावास के नाम से एक नंबर दिया गया। वहां फोन किया तो इस कार्य को पूरा करने के लिए एक बैंक खाते में 300 पाउंड यानि करीब 25 हजार रुपये जमा कराए गए। इसके बाद भी इंश्योरेंस, वर्क परमिट, फार्म भरने आदि के नाम पर करीब साढ़े तीन लाख रुपये उनके बताए बैंक खातों में जमा कराए गए। इस मामले में उसने जब एक परिचित को बताया तो पता चला कि उसके साथ धोखाधड़ी की गई है। उसने यह रकम किसी तरह अपनी नौकरी के लिए जमा की थी। नजीब ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
डेयरी से चोरी
बिजनौर। मोहल्ला नई बस्ती निवासी गोपाल सिंह की विदुर कुटी मार्ग पर गोपाल डेयरी है। मंगलवार की रात चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर सात हजार रुपये नगद, पनीर और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। बुधवार को दुकान खोलने पर चोरी का पता चला। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। चोरी की तहरीर पुलिस को दे दी गई है।
बकरे चोरी करते पकड़ा
बिजनौर। मोहल्ला भरत विहार निवासी प्रवीण कुमार ने मोहल्ले के ही अंकित को उसके घेर से दो बकरी और एक बकरा चोरी करते ले जाते समय पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। अंकित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।