अमरोहा। दहेज में बुलेट न मिलने पर दूल्हे ने शादी से इंकार कर दिया। जबकि आठ सितंबर को बारात आनी थी। लड़की पक्ष ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर दूल्हे और उसके परिवार के विरुद्ध कार्यवाही की मांग की है।
कस्बा जोया के मोहल्ला मुल्लाना निवासी मुजाहिर हुसैन की बेटी की बारात आठ सितंबर को जिला संभल से आनी थी। दोनों ओर से शादी की तैयारियां जोरों पर चल रही थी। शादी से पहले दहेज का सामान जाना तय हुआ था। पांच सितंबर को लड़के पक्ष के लोग सामान लेने के लिए लड़की वालों के यहां पहुंचे। जहां दहेज में बुलेट नहीं खड़ी देखकर लड़के पक्ष का पारा चढ़ गया। लड़की पक्ष ने काफी समझाया, लेकिन लड़के वाले नहीं माने और शादी से इंकार कर दिया। दोनों पक्षों में गली-गलौच करते हुए मारपीट शुरू कर दी। घर में शोर की आवाज सुनकर आसपास के लोग लड़की वालों के यहां आ गए और डायल 100 पुलिस को सूचना दी। लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। शुक्रवार को लड़की पक्ष के लोग एकत्र होकर एसपी कार्यालय पहुंचे और एसपी को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि दूल्हे ने दहेज में बुुलेट गाड़ी की मांग की थी। दहेज में बुलेट न मिलने पर शादी से इंकार कर दिया है। शादी से पहले रिश्ते में लाखों रुपये खर्च हो चुके है। इससे हमारी बेटी का भविष्य बर्बाद होने की संभावना है।