बिजनौर के ग्राम चंदपुरा में सीसी रोड में आई दरार। संवाद
बेगावाला। ब्लॉक मोहम्मदपुर देवमल की ग्राम पंचायत चांदपुर फेरू उर्फ चंदपुरा में सीसी रोड बनने साथ ही उसमें दरारें आ गईं। ग्रामीणों ने सड़क में मानक के अनुरूप निर्माण सामग्री नहीं लगाने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया।
ग्रामीण चंद्रवीर, रामकुमार, अशोक, अतर सिंह, रईस, अजीम और हनीफ आदि ने बताया कि 31 अक्तूबर को गांव में सीसी रोड का निर्माण हुआ था।
एक नवंबर को उसमें दरारें आ गईं। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की मोटाई भी बहुत कम रखी गई है, जिस कारण से सड़क में दरारें आईं हैं। इसी कारण से सड़क बहुत जल्दी टूट जाएगी। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम प्रधान नेहा अनीस अहमद सलमानी पति की मृत्यु के बाद मुंबई चली गईं हैं। इस कारण से गांव में विकास कार्यों में गड़बड़ी हो रही है।
ग्रामीणों के अनुसार पंचायत सचिव ने ई-ग्राम स्वराज पर प्रधान की आईडी पर किसी दूसरे व्यक्ति का मोबाइल नंबर शामिल करवाकर दिया है। इसी के जरिए भुगतान किए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने मामले की जांच कराने की मांग की। एसडीएम सदर रितू रानी ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।