चांदपुर। गोकशी के मामले में पुलिस ने मंगलवार को मुठभेड़ के बाद अजीम उर्फ छंगा निवासी रसूलपुर नंगला को गिरफ्तार किया है। उसके पैर में गोली लगी। उसे उपचार के लिए पुलिस अभिरक्षा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्याऊ भेजा गया। उसके दो साथी मौके से भाग गए।
पुलिस ने 14 अप्रैल को नगर संयोजक बजरंग दल सुशील कुमार निवासी मोहल्ला चिम्मन की तहरीर पर ग्राम सब्दलपुर तेली के पास गोवंश के अवशेष मिलने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की थी। मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था। पुलिस के मुताबिक इस मामले में 16 अप्रैल की रात पुलिस ने मुठभेड़ के बाद चार आरोपियों को पकड़ कर उनके कब्जे से अवैध असलाह, वाहन, पशु काटने के उपकरण तथा नकदी बरामद की थी, जबकि आरोपी अजीम उर्फ छंगा मौके से भाग गया था। पुलिस के अनुसार मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने अजीम को पकड़ने के लिए मध्य गंग नहर पटरी ग्राम अकौंधा के पास घेराबंदी की। खुद को घिरता देख उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अजीम उर्फ छंगा के पैर में गोली लग गई। उसे मौके से पकड़ लिया गया। उसके दो साथी भागने में कामयाब हो गए।