कार और ई रिक्शा की टक्कर में दंपती घायल
धामपुर। फोरलेन हाईवे पर कार, ई-रिक्शा की टक्कर में दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया।
ग्राम नौरंगाबाद निवासी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि वह अपनी पत्नी नीलम देवी के साथ ई रिक्शा से नगीना जा रहा था। जैसे ही वह नगीना मार्ग स्थित फोरलेन पर सांई मंदिर के पास पहुंचा तो तेज गति से आई कार ने उनकी ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए। उसमें सवार दंपती मार्ग गड्ढे में जा गिरे। राहगीरों ने उन्हें बाहर निकाला। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। ग्रामवासियों ने बताया कि कार उत्तराखंड के किसी प्रशासनिक अधिकारी की है। जिस पर एसडीएम लिखा है। पीड़ित ने आरोपी वाहन व उसके चालक के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद