हल्दौर के ग्राम बिसाठ में सीसी रोड निर्माण कार्य का भौतिक निरीक्षण करते डीएम उमेश मिश्रा।
- फोटो : BIJNOR
सड़क पर हुआ वार तो सामने आया भ्रष्टाचार
बिजनौर। क्षेत्र पंचायत की निधि से बनाई गई सड़क निर्माण में गड़बड़ी की शिकायत पर डीएम ने उसे खोदवाकर जांच करा दी। दो जगह खोदाई में ही भ्रष्टाचार की पोल खुल गई। सड़क की मोटाई छह के बजाय पांच इंच से भी कम पाई गई। सड़क में लगी निर्माण सामग्री के नमूनों को जांच के लिए भेजने और निर्माण का भुगतान रोकने के आदेश दे दिए गए। साथ ही जेई और वीडीओ को प्रतिकूल प्रविष्टि भी दे दी गई।
डीएम ने हल्दौर ब्लॉक का भी औचक निरीक्षण किया। अवर अभियंता के गैरहाजिर मिलने पर स्पष्टीकरण तलब किया गया है। ब्लॉक की पत्रावलियों में भी तमाम खामियां मिली हैं। बृहस्पतिवार को ब्लॉक का निरीक्षण करने के बाद डीएम क्षेत्र के गांव बिसाठ पहुंच गए। उन्होंने क्षेत्र पंचायत के तहत नौ लाख से अधिक धनराशि से बनी सीसी रोड को अपने सामने खोदवाया। खोदाई के दौरान रोड की मोटाई मानक छह इंच के सापेक्ष पांच इंच से भी कम पाई गई और सीमेंट भी मानक के अनुरूप प्रयोग में नहीं लाया गया। उन्होंने जांच के दौरान संबंधित ब्लॉक प्रमुख से भी आग्रह किया कि अपने क्षेत्र में होने वाले निर्माण एवं विकास कार्यों की गुणवत्ता की स्वयं भी जांच करें। इस अवसर पर सीडीओ केपी सिंह, बीडीओ विरेंद्र यादव, अवर अभियंता बाबूराम, एडीओ विजय सिंह के अलावा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
अवर अभियंता मिले अनुपस्थित
बृहस्पतिवार को डीएम उमेश मिश्रा ने हल्दौर ब्लॉक का आकस्मिक निरीक्षण किया। अवर अभियंता के अनुपस्थित पाए जाने पर उनका स्पष्टीकरण तलब कर लिया गया है। जीपीएफ एवं एनपीएस पास बुक अद्यतन न पाए जाने पर असंतोष जाहिर किया। डीएम ने क्षेत्र पंचायत के तहत बनाए जाने वाली सीसी रोड की पत्रावलियां भी तलब कीं।
------ कोट
सड़क निर्माण में गड़बड़ी मिली है। एसडीएम की अध्यक्षता में जांच कमेटी गठित कर दी गई है। जेई और वीडीओ को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है - उमेश मिश्रा, डीएम