पुलकित मेमोरियल हॉस्पिटल में होगा कोरोना का इलाज
बिजनौर। जिला मुख्यालय पर स्थित पुलकित मेमोरियल हॉस्पिटल में भी कोरोना पॉजिटिव मरीजों का भी इलाज हो सकेगा। अभी तक शासन ने इसकी अनुमति केवल सरकारी अस्पतालों को ही दे रखी है। सीएमओ डॉ. विजय कुमार यादव के अनुुसार यह अस्पताल पहले से ही प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना में शामिल है और इसका चयन स्वास्थ्य मंत्रालय भारत सरकार के निर्देश पर दिल्ली से ही किया गया है।
जिले में प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत कुल 26 अस्पताल चयनित हैं। इनमें चार सरकारी और 22 प्राइवेट हॉस्पिटल शामिल हैं। जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धामपुर और अफजलगढ़ इस योजना में सम्मिलित हैं। अन्य प्राइवेट अस्पताल हैं। सीएमओ ने बताया कि दिल्ली रोड पर स्थित पुलकित मेमोरियल हॉस्पिटल सुपर मल्टी स्पेशिलिटी हॉस्पिटल है और पहले से ही इसका नाम प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना में शामिल है। स्वास्थ्य मंत्रालय भारत सरकार की ओर से इस अस्पताल को कोरोना का इलाज करने के लिए अनुमति प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि सरकार धीरे-धीरे कोविड अस्पतालों की संख्या बढ़ाने पर जोर दे रही है। सरकारी अस्पतालों के साथ साथ प्राइवेट अस्पतालों को इसमें शामिल किया जा रहा है।