बिजनौर के बहादुरपुर गढ़ी गांव निवासी विशाल, काजीवाला निवासी वसीम के साथ चार साल पहले जम्मू-कश्मीर के जिला बांदीपोरा में रोजगार के लिए गया था। शनिवार को विशाल ने अपने परिजनों को एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल कर इस्लाम धर्म स्वीकार करने की बात कही। उसने कुछ वीडियो भी भेजे, जिनमें एक प्रमाण पत्र भी शामिल था, जो जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा की मनीगाह ग्लासडाजी मरकजी जामिया मस्जिद का था और 15 मई का बना हुआ था। इस प्रमाण पत्र में विशाल को "मोहम्मद हमजा" के रूप में दर्शाया गया है।
विशाल के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी वसीम के खिलाफ धर्मांतरण की धारा में मुकदमा दर्ज किया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हाईस्कूल की मार्कशीट के आधार पर विशाल को नाबालिग माना जा रहा है, जिसकी उम्र लगभग साढ़े 17 साल है। हालांकि उसके आधार कार्ड के अनुसार वह बालिग है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सिटी) कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि दोनों से पूछताछ की जा रही है और उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। आगे की कार्रवाई पूछताछ, साक्ष्य और अदालत में दिए जाने वाले बयानों के आधार पर की जाएगी।