बिजनौर के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के एक गांव में ब्यूटी पार्लर चलाने वाली एक युवती ने गांव के ही युवक द्वारा लगातार की जा रही छेड़छाड़ और उत्पीड़न से तंग आकर ज़हरीला पदार्थ निगल लिया। गंभीर हालत में युवती को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। युवती की मां की तहरीर पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक बिट्टू को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, युवती अपने गांव में ही एक ब्यूटी पार्लर का संचालन करती है। आरोप है कि गांव का ही रहने वाला बिट्टू नामक युवक काफी समय से युवती को परेशान कर रहा था और उससे छेड़छाड़ कर रहा था। घटना 18 मई की बताई जा रही है, जब आरोपी बिट्टू ब्यूटी पार्लर पर पहुंचा और युवती के साथ बदसलूकी करने लगा। युवक ने युवती को अपनी गाड़ी में बैठने के लिए भी कहा, जिसका युवती ने विरोध किया।
युवती की मां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि जब उसकी बेटी ने गाड़ी में बैठने से मना किया तो आरोपी युवक बिट्टू ने उसके साथ मारपीट की और उसके भाई को जान से मारने की धमकी दी। लगातार छेड़छाड़ और उत्पीड़न से परेशान होकर युवती ने हताशा में ज़हरीला पदार्थ खा लिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने आनन-फानन युवती को एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है।
सीओ नगीना राजेश कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में युवती की मां की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी बिट्टू को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और पीड़ित को न्याय दिलाने का प्रयास कर रही है।
ये भी देखें...
Bijnor: प्रेमिका से झगड़ा होने पर बिजली के टावर पर चढ़ा युवक, बोला- मेरा निकाह कराओ, नहीं तो कूद जाऊंगा