शासन से मंजूरी के इंतजार में अटका नाला निर्माण
नजीबाबाद। शहर में हर साल बरसात के सीजन में जबरदस्त जलभराव होता है। नगर पालिका ने नाला निर्माण का प्रस्ताव भेज रखा है, लेकिन उचित पैरवी के अभाव में शासन स्तर से मंजूरी नहीं मिली है। यदि जल्दी ही शासन की मंजूरी नहीं मिली और नाला निर्माण नहीं हुआ तो इस बार भी जनता को जलभराव झेलना होगा।
वर्षा जल की निकासी व्यवस्था ठीक न होने से हर वर्ष नजीबाबाद के विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव होने के साथ ही मकानों में पानी घुस जाता है। इससे घरेलू सामान, अनाज आदि खराब हो जाता है। पानी निकासी को बनाए नाले संकरे होने से समस्या बढ़ जाती है। नगरपालिका परिषद ने मोहल्ला मुगलूशाह, मकबरा, सेवाराम और हवेलीतला आदि क्षेत्रों को जलभराव से मुक्ति दिलाने के लिए मोहल्ला मुगलूशाह स्थित अजमल खां रोड से मालन नदी तक भूमिगत पाइप लाइन डालने की योजना दो वर्ष पूर्व शुरू की थी, लेकिन तकनीकी खामियों के चलते लाखों रुपये खर्च होने के बाद भी योजना फेल हो गई।
इसके बाद नगरपालिका ने नाला निर्माण कराने के लिए करीब एक करोड़ रुपये का प्रस्ताव नगर विकास विभाग को करीब सात माह पूर्व भेजा था। उचित पैरवी न करने से नाला निर्माण प्रस्ताव शासन स्तर पर लंबित है। अवर अभियंता उमेश बाबू ने बताया कि चार खंड में नाला निर्माण के लिए प्रस्ताव के बाद शासन को एक माह पूर्व भी रिमाइंडर भेजा गया है।
- गुरुद्वारा पुलिया सहित नालों में भरी है गंदगी
नजीबाबाद नगरपालिका परिषद वर्षा जल निकासी के लिए नगर और आसपास के क्षेत्रों में नालों की तलछट सफाई अभियान चलाती है। नगर क्षेत्र के आधे भाग के पानी की निकासी गुरुद्वारे के निकट पुलिया से होकर आदर्शनगर और बशीरपुर की तरफ से बाहर जाती है। गुरुद्वारा पुलिया से लेकर बशीरपुर तक जगह-जगह नाले और पुलिया गंदगी से अटे हैं।