धामपुर में जैतरा-शुगर मिल रोड स्थित अवैध कालोनियों को ध्वस्त करता बुलडोजर। संवाद
एसडीएम के निर्देश पर जैतरा-शुगर मिल रोड पर की गई कार्रवाई
तीन दर्जन से ज्यादा और काॅलोनियों के निर्माण को भी जमींदोज किया जाएगा
संवाद न्यूज एजेंसी
धामपुर। प्रशासन की ओर से शुक्रवार को जैतरा-शुगर मिल रोड स्थित सात अवैध कालोनियों में निर्माण ध्वस्त कराया। यह कॉलोनियों खेती की जमीन को सस्ते दामों में काटी जा रही थी। एसडीएम मोहित कुमार ने बताया कि अभी तो तीन दर्जन से ज्यादा और काॅलोनियों के निर्माण को भी जमींदोज किया जाएगा।
एसडीएम ने बताया कि विनियमित क्षेत्र से भी काॅलोनी को काटने की कोई परमिशन नहीं ली गई थी। क्षेत्रीय लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लेकर शुक्रवार को जैतरा-शुगर मिल मार्ग स्थित सात कालोनियों में निर्माण को ध्वस्त कराया गया है। अभी करीब तीन दर्जन से ज्यादा और कॉलोनियों पर जल्द बुलडोजर चलेगा। इस मौके पर विनियमित क्षेत्र के जेई प्रवीण गुप्ता, योगेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
प्लाट खरीदने में लगाई रकम बेकार गई
जिन लोगों का निर्माण ध्वस्त किया गया है, वे कार्रवाई से नाराज थे। उन्होंने बताया कि संबंधित काॅलोनाइजरों ने प्लॉट यह भरोसा देकर बेचा था कि वह फिलहाल खरीद लें, बाद में काॅलोनी को वैधता प्रदान कराकर बिजली, पानी, सड़क, पार्क आदि की व्यवस्था करके देंगे। अब उनकी रकम का क्या होगा।