एसपी अभिषक झा के अनुसार आज परीक्षा के दूसरे दिन पहली पाली की परीक्षा के दाैरान केपीएस कन्या इंटर कॉलेज, थाना कोतवाली में दो छात्रों द्वारा आपत्ति की गई कि उनका प्रश्नपत्र खुला हुआ था। सीसीटीवी फ़ुटेज से स्पष्ट है कि प्रश्न-पत्र डबल लेयर में सील्ड थे, जिसे कक्ष-निरीक्षक द्वारा परीक्षा केंद्र के अंदर ही खोला गया है। परीक्षा पूर्ण शुचिता के साथ संपन्न की गई है।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड अध्यक्ष राजीव कृष्णा का कहना है कि बिजनौर के परीक्षा केंद्र केपीएस कन्या इंटर कालेज में दो छात्रों ने आरोप लगाया है कि उनको प्रश्नपत्र खुले हुए मिले। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड ने इसे गंभीरता से लेकर पूरी छानबीन की है। सीसीटीवी फुटेज में प्रश्नपत्रों के बक्सों, कार्टन की सील सही स्थिति में मिली है। दो प्रश्नपत्रों के दो पैकेट पर केवल स्टिकर नहीं चिपका था। यह कोई पेपर लीक का मामला नहीं है। बोर्ड द्वारा प्रश्न पत्रों को स्ट्रांग रूम से निकाल कर उसे वितरित करने तक की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाती है। सोशल मीडिया पर इस प्रकरण को लेकर कुछ भ्रामक खबरें चल रही हैं। बोर्ड ऐसी भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगा। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
अभिषेक झा, एसपी बिजनाैर
- फोटो : अमर उजाला
दूसरे दिन प्रथम पाली में 1427 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित
कड़ी निगरानी के बीच पहली पाली की परीक्षा 12 बजे खत्म हुई। सभी केंद्रों पर पहली पाली में 1427 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। 3973 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि कुल 5400 अभ्यर्थी परीक्षा में बैठने थे। सुबह आठ बजे से ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश दिया जाने लगा था। 9:30 के बाद अभ्यर्थियों की एंट्री बंद कर दी गई।
परीक्षा देने के बाद अभ्यर्थियों के चेहरे खिल गए। अभ्यर्थियों का कहना है कि परीक्षा में ज्यादातर प्रश्न आसान थे। रीजनिंग करंट अफेयर्स के प्रश्नों को अभ्यर्थियों ने कठिन बताया।