रोडवेज और डग्गामार बसों के चालकों में नोकझोंक
नहटौर। दिल्ली जाने वाली रोडवेज और डग्गामार बसों के चालक-परिचालकों में जमकर नोकझोंक हुई। रोडवेज और डग्गामार बस आमने सामने खड़ी कर देने पर हंगामा होता रहा। रोडवेज चालकों ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
हल्दौर चौराहे पर सुबह के समय दिल्ली जाने वाली रोडवेज बस के पीछे डग्गामार बस आकर खड़ी हो गई। बसों में सवारी बैठाने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि डग्गामार बसों के संचालकों ने पैसे देकर बस संचालित करने की बात कहते हुए जबरन बस संचालित करने पर अड़ गए। नौबत मारपीट की आ गई, लेकिन कुछ समझदार लोगों ने मामले को किसी तरह शांत किया। रोडवेज बस चालक-परिचालक सत्यपाल सिंह, लखीराम सिंह, पंकज त्यागी, मुनेश कुमार तथा अर्जुन कुमार आदि का कहना है कि कई वर्षों से नगर से दिल्ली को चलने वाली डग्गामार बसों का संचालन बंद था, जिससे रोडवेज की आमदनी भी बढ़ी थी लेकिन करीब एक सप्ताह से यह फिर से चलने लगी हैं। उन्होंने पुलिस से डग्गामार बसों को बंद कराने की मांग की है।
कई गांवों में चल रहीं डग्गामार बसें
गांव सदरुद्दीननगर, नसीरपुर-मिर्जापुर, फुलसंदा आदि कई स्थानों से सुबह और दोपहर के समय दिल्ली के लिए कई डग्गामार बसें अवैध रूप से चलाई जा रही हैं। जिनके चलने से परिवहन विभाग की बसों में सवारियों की संख्या कम होने पर परिवहन विभाग को प्रतिमाह लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है। रोडवेज चालकों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल सतेंद्र सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है, लेकिन तहरीर अभी तक नहीं मिली है।